भोपाल, 29 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य अन्य हिस्सों में गुरुवार को धूप निकली और मौसम सुहावना रहा। मौसम विभाग ने हालांकि अगले 24 घंटों में सर्द हवाओं के चलने और घना कोहरा छाने का पूर्वानुमान जताया है।
राज्य में गुरुवार सुबह धूप निकलने से मौसम खुशगवार रहा, हालांकि बुधवार को शहडोल व जबलपुर संभाग के कई जिलों में बौछारें पड़ी जिससे वातावरण में ठिठुरन बरकरार है। राज्य के कई हिस्सों में कोहरे का भी असर रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि आगामी 24 घंटों में कोहरे और सर्द हवाओं का असर देखा जा सकता है। ग्वालियर, चंबल और सागर संभागों के कई जिलों में आने वाले दिनों में ठंड बढ़ सकती है।
राज्य में गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में, इंदौर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 5.5 डिग्री तथा जबलपुर का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल का बुधवार को अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 18.4 डिग्री, ग्वालियर का 17.9 डिग्री तथा जबलपुर का अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath