ओलम्पिक पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में इजाफा

नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। खेल मंत्रालय ने गुरुवार को ‘स्कीम ऑफ स्पेशल अवार्ड्स’ में संशोधन करते हुए ओलम्पिक सहित अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि में इजाफा किया है। कोच भी इस इजाफे के हकदार होंगे।

अब तक ओलम्पिक में स्वर्ण जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से 50 लाख, रजत जीतने वालों को 30 लाख और कांस्य जीतने वालों को 20 लाख रुपये दिए जाते थे लेकिन अब इस श्रेणी में क्रमश: 75, 50 और 30 लाख रुपये का पुरस्कार सरकार की ओर से दिया जाएगा।

इसी तरह एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए यह कोटा 20, 10 और छह लाख निर्धारित था लेकिन अब इसे बढ़ाकर 30, 20 और 10 लाख रुपये कर दिया गया है।

जहां तक विश्व कप, एशियाई कप और विश्व चैम्पियनशिप की बात है तो खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि इस बात पर निर्भर करेगी कि ये आयोजन चार साल में एक बार होते हैं या फिर साल में एक बार या दो साल में एक बार आयोजित किए जाते हैं।

पैरालम्पिक, पैरा एशियाई खेलों और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ओलम्पिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के बराबर ही पुरस्कार दिया जाएगा।

संशोधित नियम में कोचों को भी शामिल किया गया है लेकिन अब यह देखा जाएगा कि ओलम्पिक सहित अग्रणी अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ उनके कोच कितना समय बिताते हैं। इसी योग्तता के आधार पर उन्हें पुरस्कार के योग्य समझा जाएगा। पहले कोच को खिलाड़ी के साथ साल में 240 दिन बिताने होते थे लेकिन अब इसे घटाकर 180 दिन कर दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493