बुंदेलखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृज बिहारी पटेरिया भाजपा में शामिल

भोपाल। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक बृज बिहारी पटेरिया भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे। मध्य प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पटेरिया का भाजपा में आना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

गौरतलब है कि बृज बिहारी पटेरिया सागर जिले की देवरी विधानसभा से 1998 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। मंत्री भूपेन्द्र सिंह भी सागर जिले की खुरई विधानसभा से विधायक हैं। बताया जा रहा है कि पटेरिया कुछ दिनों से कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे थे। शनिवार को वे मंत्री भूपेंद्र सिंह के साथ मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री ने भाजपा की सदस्यता दिलाई।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने पटेरिया को पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से कहा कि सागर जिले की देवरी विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक बृज बिहारी पटेरिया आज भाजपा परिवार में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व व नीतियों से प्रेरित होकर पटेरिया ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

 

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493