दिल्ली चुनाव : भाजपा ने पेश करेगी विजन दस्तावेज (राउंडअप)

नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति को धार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कहा कि वह अगले महीने दिल्ली में होने वाले चुनाव के लिए कोई घोषणा-पत्र जारी नहीं करेगी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी द्वारा एक विजन दस्तावेज जारी किया जाएगा।

पार्टी ने अपने कई सांसदों को चुनाव प्रचार के लिए अखाड़े में उतार दिया है।

भाजपा ने कहा कि वह आगामी पांच फरवरी तक प्रतिदिन आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल से पांच सवाल करेगी। केजरीवाल आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं और इस पद पर अपनी तगड़ी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

वरिष्ठ भाजपा नेता अनंत कुमार ने यहां मीडिया को बताया, “दिल्ली में भाजपा घोषणा पत्र जारी नहीं करेगी। हम एक विजन दस्तावेज लाएंगे, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और किरण बेदी जारी करेंगे।”

अनंत कुमार ने कहा कि आगामी चुनाव के लिए 120 सांसद चुनाव प्रचार अभियान में उतरेंगे और अगले सात से आठ दिनों के अंदर सभी 70 सीटों पर 250 सार्वजनिक बैठकें होंगी।

इसके अलावा, भाजपा की राज्य इकाई के 13 प्रदेश अध्यक्ष भी दिल्ली में चुनाव प्रचार के लिए जल्द पहुंच रहे हैं।

मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री हर्ष वर्धन पहले ही चुनाव प्रचार शुरू कर चुके हैं और पूरी दिल्ली में अभियान चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी चार रैलियों को संबोधित करेंगे। मोदी 31 जनवरी, एक फरवरी, तीन फरवरी और चार फरवरी को रैलियों संबोधित करेंगे।

ज्ञात सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दैनिक आधार पर चुनाव अभियान की समीक्षा करेंगे और इससे मिलने वाली प्रतिक्रियाओं पर विचार करेंगे।

शाह की अध्यक्षता में गुरुवार को 18 सदस्यीय कोर समूह की बैठक पार्टी के राज्य मुख्यालय में होगी, जिस दौरान पार्टी के अभियान पर चर्चा और समीक्षा होगी।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान आने वाले समय में खासकर मोदी तथा बेदी की जनसभाओं के बारे में चर्चा होगी।

भाजपा ने गुरुवार को आप पर हमला करते हुए यह सवाल पूछा कि सरकार बनाने के लिए केजरीवाल ने कांग्रेस का समर्थन क्यों लिया और पहले इंकार करने के बाद बाद में उन्होंने सुविधाओं की मांग क्यों की।

सूत्रों ने कहा कि आने वाले चुनाव के प्रचार में 12 सांसद पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए जनता के बीच जाएंगे।

अनंत कुमार ने बताया कि हर विधानसभा में 1,000 से अधिक पोस्टर लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा, “हम हरसंभव प्रयास करेंगे, और दो-तिहाई बहुमत से चुनाव जीतेंगे।

दिल्ली भाजपा इकाई के प्रमुख सतीश उपाध्याय ने कहा कि हर दिन छह फरवरी तक उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल से पांच सवाल पूछेगी।

दिल्ली में सात फरवरी को मतदान होना है और 10 फरवरी को मतगणना होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493