भाजपा ने आप पर दागी 5 सवालों की दूसरी किश्त

नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर हमला जारी रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अपने सवालों की दूसरी किश्त जारी की।

भाजपा नेता निर्मला सीतारमण ने केजरीवाल से पूछा कि उन्हें अपनी पार्टी के समर्थन के लिए विदेशी कार्यकर्ताओं की जरूरत क्यों पड़ रही है। बांग्लादेश, पाकिस्तान और दुबई के कार्यकर्ता दिल्ली के लोगों से उनकी पार्टी के समर्थन में मतदान करने के लिए क्यों कह रहे हैं?

भाजपा ने दूसरा सवाल पूछा कि आप ने लोकसभा चुनाव के अपने खाते की जानकारी चुनाव आयोग को क्यों नहीं दी।

पार्टी ने आप से यह बताने के लिए कहा कि उनकी पार्टी की महिला नेता आप से नाता क्यों तोड़ रही हैं। साथ ही पूछा कि वे भाजपा की मुख्यमंत्री पद की महिला उम्मीदवार किरण बेदी को अवसरवादी बताकर उनका अपमान क्यों कर रहे हैं?

चुनाव आयोग के आदेश की अवहेलना करने पर आप की आलोचना करते हुए भाजपा ने आप पार्टी से पूछा कि वह संवैधानिक संस्थाओं का अपमान क्यों कर रही है?

आखिर में भाजपा ने कहा कि आप की लोकयुक्त को मजबूत करने की कोई मंशा नहीं है। भाजपा ने आप से सवाल किया कि 49 दिनों तक सत्ता में रहने के बाद उसने क्यों एक बार भी लोकायुक्त का मुद्दा नहीं उठाया। आप इस मुद्दे पर शांत क्यों है?

भाजपा ने योजना बनाई है कि वह पांच फरवरी तक हर दिन केजरीवाल से पांच सवाल पूछेगी। दिल्ली में सात फरवरी को विधानसभा चुनाव होना है और 10 फरवरी को चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493