वेंकैया ने राज्यों से पूछा- स्मार्ट सिटी के लिए तैयार हैं?

नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को नई दिल्ली में स्मार्ट सिटी के बारे में आयोजित ‘परामर्श कार्यशाला’ में राज्यों से बेबाक रूप से पूछा कि क्या वे अपने-अपने शहरों, नगरों को स्मार्ट बनाने के लिए तैयार हैं?

केन्द्र सरकार की योजना देश में 100 स्मार्ट सिटी बनाने की है। आवास मंत्रालय ने स्मार्ट सिटी योजना लागू करने से पहले राज्यों और सभी हितधारकों की राय जानने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया है।

कार्यशाला में नायडू ने राज्यों तथा शहरी स्थानीय निकायों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें अपनी सोच को नया रूप देना होगा और शहरी प्रबंधन की ओर नजर डालनी होगी। ऐसा करके राज्य देश और देश के लोगों के हित में शुरू की जाने वाली स्मार्ट सिटी योजना को राज्य और शहरी स्थानीय निकाय सफल बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी का निर्माण चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन इसे किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी का आधार ‘4एस’ और ‘4पी’ हैं। स्मार्ट नेतृत्व, स्मार्ट गवर्नेस, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और स्मार्ट लोग शहर को स्मार्ट बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि हम 4पी- पब्लिक-प्राइवेट-पीपुल पार्टनरशिप को सफल बनाएंगे तो संसाधन की चुनौती से निपटा जा सकेगा।

नायडू ने कहा, “स्मार्ट टेक्नोलॉजी से सक्षम ऊर्जा, यातायात ठोस कचरा तथा कचरे से धन प्रबंधन, रियल टाइम सूचना और सेवा डिलिवरी में मदद मिलेगी। लोगों को शहर के विकास में साझेदारी के लिए स्मार्ट बनना होगा और सेवाओं में मूल्यवर्धन के लिए उन्हें भुगतान के लिए तैयार रहना होगा।”

वेंकैया ने कहा, “स्मार्ट सिटी बनाने में राज्यों तथा शहरी निकायों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। केन्द्र सरकार सहायक होगी और कुछ वित्तीय सहायता भी देगी।”

उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी बनने कि इच्छुक शहरों को ‘सिटी चैलेंज’ स्पर्धा में शामिल होना होगा। इसी स्पर्धा में शहरों की स्मार्ट सिटी बनने की क्षमता योग्यता का मूल्यांकन होगा।

शहरी विकास सचिव शंकर अग्रवाल ने शहरी क्षेत्र के चार नए कार्यक्रमों- स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी, पांच सौ शहरों में अवसंरचना विकास तथा विरासत विकास और योजना को मजबूत बनाने के बारे में जानकारी दी।

दो दिन की कार्यशाला में शहरी विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, सभी राज्यों के प्रधान सचिव और सचिव, पालिका आयुक्त एवं विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं, कार्यशाला शनिवार को समाप्त होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493