एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 : खिताबी जीत के लक्ष्य के साथ चेन्नई पहुंची मलेशियाई टीम

चेन्नई। हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में भाग लेने के लिए मलेशियाई पुरुष हॉकी टीम शनिवार को चेन्नई पहुंची। प्रतिष्ठित टूर्नामेंट, 3 अगस्त से 12 अगस्त तक मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

एशिया की हॉकी शक्तियों में से एक मलेशिया ने मैदान पर लगातार उल्लेखनीय कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया है। वे टूर्नामेंट के इतिहास में पांच बार तीसरे स्थान पर रहे हैं और अब उनकी नजर पहली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर होगी।

टीम ने हाल के दिनों में शानदार प्रदर्शन किया है, जकार्ता-पालेमबांग में 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीता और पिछले साल जकार्ता में हीरो एशिया कप में उपविजेता भी रही।

मलेशियाई टीम टूर्नामेंट के दौरान जापान, कोरिया, पाकिस्तान, चीन और मेजबान भारत से भिड़ेगी। मलेशियाई टीम अपने अभियान की शुरुआत 3 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी।

टूर्नामेंट प्रारूप के अनुसार, शीर्ष चार टीमों के सेमीफाइनल में जाने से पहले सभी छह टीमें राउंड रॉबिन चरण में पांच मैच खेलेंगी।

मलेशिया के कप्तान मारहान जलील ने कहा, “मैं भारत में दोबारा आकर खुश और उत्साहित हूं। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए हमारी तैयारी सही रास्ते पर है और हमारा लक्ष्य टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। मैं मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में फुल-हाउस देखने की उम्मीद कर रहा हूं।”

इस बीच, मलेशिया के कोच अरुल एंथोनी ने अपनी टीम के हालिया प्रदर्शन और उनके खेल की नई संरचना के बारे में बात की और कहा, “हम खेल की एक नई संरचना के साथ आए हैं और अपने हाल के मैचों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। मारहान के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने नई रणनीतियों को अपनाया। मैं उनके प्रदर्शन से बहुत खुश हूं और उम्मीद करता हूं कि वे एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भी इसे दोहराएंगे।”

इसके अलावा, जब एंथोनी से टूर्नामेंट में खेलने की उनकी नई शैली और रणनीति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने अपने कार्ड अपने पास रखे और कहा, “हमारी नई रणनीतियों को जानने के लिए आपको हमें खेलते हुए देखना होगा।”

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493