दमोह में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट,तीन लोगों की मौत, 10 लोग झुलसे

दमोह- मध्य प्रदेश के दमोह में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ है। इसमें कई लोगों के हताहत होने की सूचना सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि हादसे में फैक्ट्री मालिक सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि झुलसने के कारण 10 लोगों की हालत गंभीर है। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

 

 

विस्फोट मंगलवार दोपहर करीब 1.00 बजे शहर के रिहायशी इलाके बड़ा पुल क्षेत्र में हुआ। यहां पर अभय उर्फ छुट्टन गुप्ता पटाखा फैक्ट्री संचालित करते थे। दिवाली होने से यहां पर लगातार पटाखा निर्माण का काम जारी था। मंगलवार को भी गुप्ता करीब एक दर्जन मजदूरों के साथ फैक्ट्री में मौजूद थे। अचानक धमाका सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

शुरुआती जानकारी अनुसार दमोह के इमलाई फैक्ट्री क्षेत्र में बारूद संग्रहण की परमिट थी, लेकिन यह अवैध रूप से अपने घर के पिछले इलाके में बारूद से पटाखा निर्माण करवा रहा था। विस्फोट की सूचना के बाद पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव में जुटी है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

विस्फोट इतना भयावह था कि बारूद की चपेट में आने से फैक्ट्री मालिक अभय गुप्ता के शरीर का आधा हिस्सा चीथड़ों में तब्दील हो गया। सबसे पहले टीम को गुप्ता का क्षत-विक्षत शव मिला। उनके शरीर का निचला हिस्सा चीथड़ों में बंट गया था। वहीं, एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से दो महिलाओं को निकला गया, जिनकी मौत हो चुकी थी। उनका शरीर बुरी तरह से जला हुआ था। बड़ी मात्रा में बारूद होने की संभावना को देखते हुए मलबे में पानी भी डाला गया।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493