आस्ट्रेलियन ओपन : जोकोविक, मरेके बीच आज होगी खिताबी भिड़ंत

मेलबर्न, 1 फरवरी (आईएएनएस)। वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन का पुरुष एकल फाइनल रविवार को ब्रिटेन के एंडी मरे और विश्व के सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक के बीच होगा।

मेलबर्न पार्क में छठे वरीय मरे और शीर्ष वरीय जोकोविक आस्ट्रेलियन ओपन के इतिहास में तीसरी बार एक दूसरे के सामने होंगे। जोकविक और मरे के बीच हार-जीत का आंकड़ा 15-8 का है।

इससे पहले तीन बार (2010, 2011, 2013) फाइनल तक का सफर तय करने वाले मरे तीनों ही बार खिताबी मुकाबला हार गए। दूसरी ओर शीर्ष वरीय जोकोविक यहां चार बार (2008, 2011, 2012, 2013) विजेता रह चुके हैं और फाइनल मुकाबले में उन्हें अब तक असफलता नहीं मिली है।

मरे इससे पहले जोकोविक के खिलाफ दो बार (2011, 2013) खिताबी मुकाबला हार चुके हैं। 2010 में मरे को तत्कालीन सर्वोच्च विश्व वरीय स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के हाथों मात खानी पड़ी थी।

दूसरी ओर जोकोविक के लिए पिछला वर्ष शानदार रहा और विंबलडन जीतने के साथ वह सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के रूप में वर्ष का समापन करने में सफल रहे। जोकोविक और मरे ने शानदार अंदाज में फाइनल तक का सफर तय किया है और इस बीच दोनों खिलाड़ियों ने मात्र दो-दो सेट गंवाए हैं।

जोकोविक पिछले चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में से तीन के फाइनल में पहुंचने में सफल रहे हैं। ओपन युग में जोकोविक, फेडरर के साथ सर्वाधिक चार बार आस्ट्रेलियन ओपन विजेता रहे हैं और इस बार वह पांचवीं बार खिताब जीतकर इसे रिकॉर्ड में बदलना चाहेंगे।

वैसे आस्ट्रेलियन ओपन के इतिहास में सर्वाधिक बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड आस्ट्रेलियाई दिग्गज रॉय इमरसन के नाम है, जो यहां छह बार चैम्पियन रह चुके हैं।

मरे और जोकोविक के बीच आस्ट्रेलियन ओपन-2012 का सेमीफाइनल मुकाबला बहुत चर्चा में रहा, जिसमें जोकोविक लगभग पांच घंटे चले मैराथन मुकाबले में विजेता रहे थे।

मरे के लिए हालांकि एक तथ्य उनके पाले में जाता है कि मरे ने करियर के अपने दोनों खिताब जोकोविक के खिलाफ ही जीते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493