आस्ट्रेलियन ओपन : पेस-हिंगिस मिश्रित युगल वर्ग के चैम्पियन बने (लीड-1)

मेलबर्न, 1 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने रविवार को फ्रांस की क्रिस्टिना लादेनोविक और कनाडा के डेनियल नेस्टर को सीधे सेटों में हराकर आस्ट्रेलियन ओपन का मिश्रित युगल वर्ग खिताब जीत लिया।

पेस और हिंगिस की सातवीं वरीय जोड़ी ने तीसरी वरीय जोड़ी क्रिस्टिना तथा डेनियल को एक घंटे दो मिनट में 6-4, 6-3 से हराया।

भारत के 41 वर्षीय पेस के करियर का यह 15वां ग्रैंडस्लैम खिताब है।

पूरे मैच के दौरान पेस और हिंगिस का खेल पर शानदार नियंत्रण दिखा और इस जोड़ी ने पहला सेट केवल 29 मिनट में 6-4 से जीता।

दूसरे सेट में क्रिस्टिना और डेनियल ने मजबूत वापसी की और सर्विस तोड़ते हुए 2-1 की बढ़त हासिल की।

क्रिस्टिना और डेनियल हालांकि अपनी लय ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रख सके और पेस तथा हिंगिस ने दो बार उनका सर्विस तोड़ते हुए 4-2 की बढ़त बना ली।

इसके बाद फिर फ्रांस और कनाडा की यह जोड़ी एक गेम और जीतने में कामयाब रही, लेकिन पेस और हिंगिस ने आगे और कोई मौका न देते हुए दूसरा सेट 33 मिनट में 6-3 से अपने नाम कर लिया।

पेस का यहा सातवां मिश्रित युगल ग्रैंड स्लैम खिताब है। वहीं, महिला एकल की पूर्व शीर्ष वरीयता प्राप्त 34 वर्षीया हिंगिस के साथ पेस का यह पहला खिताब है।

हिंगिस 2006 के बाद पहली बार कोई ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने में सफल रही हैं। आखिरी ग्रैंड स्लैम भी हिंगिस ने भारतीय खिलाड़ी महेश भूपति के साथ मिश्रित युगल वर्ग में जीता था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493