नई दिल्ली-मशहूर यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. ज्योति के व्लॉग्स और सोशल मीडिया कंटेंट में भारतीय सेना और रणनीतिक ठिकानों की खुफिया जानकारी देने का शक है. ज्योति की गिरफ्तारी के बाद जांच में खुफिया एजेंसियां एक्टिव हो गई हैं, और इस मामले में अब ओडिशा का कनेक्शन भी सामने आया है.
दरअसल, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और पुरी पुलिस ने इस केस को संयुक्त रूप से देखा और यूट्यूबर प्रियंका सेनापति से पूछताछ की. जांच में पता चला कि ज्योति ने सितंबर, 2024 में पुरी का दौरा किया था और वहां के खास सरकारी और धार्मिक स्थलों की तस्वीरें और वीडियो बनाए थे, जो संदिग्ध हैं.
ज्योति मल्होत्रा और प्रियंका सेनापति के बीच संदिग्ध संपर्क सामने आने के बाद IB ने पुरी पुलिस के साथ मिलकर जांच तेज कर दी. प्रियंका से पूछताछ में उन्होंने कहा कि ज्योति उनकी सिर्फ यूट्यूब की दोस्त थी, और वे उसके किसी भी गलत काम से अनजान थीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर भी साफ किया कि अगर उन्हें ज्योति के जासूसी में शामिल होने का पता होता, तो वे उसके संपर्क में कभी नहीं आती.
dharmpath.com dharmpath