दिल्ली में रोहिणी से हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने रोहिणी सेक्टर-11 इलाके से 21 वर्षीय आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर उसके पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में किसी बड़ी वारदात को टाला जा सका।

दरअसल, 9 सितंबर को सिपाही विवेक राणा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संजय कौशिक की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसमें एसआई नरेंद्र सिंह, एएसआई हुकम चंद, एएसआई वीरेंद्र सिंह, एएसआई रमेश राणा, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल धरा सिंह और सिपाही विवेक राणा शामिल थे। पूरी कार्रवाई एसीपी अशोक कुमार शर्मा की करीबी निगरानी और डीसीपी (क्राइम ब्रांच) हर्ष इंदोरा (आईपीएस) के समग्र पर्यवेक्षण में की गई।

टीम ने गंदा नाला, केएनके मार्ग, सेक्टर-11, रोहिणी के पास छापा मारकर आकाश को दबोच लिया। उसकी तलाशी के दौरान एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जब्त हथियार और गोलियों को सील कर लिया गया और इस संबंध में एफआईआर संख्या 239/25, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की जांच में यह सामने आया कि आरोपी आकाश की पारिवारिक हालात कमजोर हैं। उसका पिता रिक्शा चालक है और वह खुद बीए प्रथम वर्ष तक पढ़ाई करने के बाद 2017 में पढ़ाई छोड़ चुका है। अविवाहित आकाश की एक बड़ी बहन है जो निजी क्षेत्र में काम करती है। गरीबी और गलत संगत के चलते आकाश अपराध की दुनिया में उतरा। वर्ष 2024 में उसने अपने साथी राहुल यादव के साथ मिलकर पीतमपुरा टीवी टावर के पास 25 लाख रुपए की डकैती की थी। इसमें उसके हिस्से से 3 लाख रुपये बरामद हुए थे। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा अपराध करना शुरू कर दिया।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493