नई दिल्ली– इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ महज 39 गेंदों में टी20 शतक जड़ा। साल्ट ने यह कारनामा शुक्रवार देर रात मैनचेस्टर में किया। इस पारी के साथ फिल साल्ट ने कुछ बड़े रिकॉर्ड्स भी अपने नाम कर लिए।
फिल साल्ट ने 60 गेंदों में 8 छक्कों और 15 चौकों की मदद से 141 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान साल्ट इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज टी20 शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने।
फिल साल्ट ने इस मामले में लियाम लिविंगस्टोन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2021 में नॉटिंघम में पाकिस्तान के विरुद्ध 42 गेंदों में टी20 शतक पूरा किया था।
यह इंग्लैंड के किसी बल्लेबाज की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी है। इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर भी फिल साल्ट का ही नाम है, जिन्होंने साल 2023 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध 119 रन बनाए थे। वहीं, साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 116 रन बनाने वाले एलेक्स हेल्स लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।
ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले की बात करें, तो इंग्लैंड ने निर्धारित ओवरों में 2 विकेट खोकर 304 रन बनाए।
इस टीम के लिए साल्ट ने 141 रन की पारी खेली, जबकि जोस बटलर ने 30 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 83 रन बनाए।
dharmpath.com dharmpath