बिहार विधानसभा चुनाव प्रथम फेज:1,314 उम्मीदवार मैदान में

पटना-बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन की वापसी की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हुई. इस चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू और 17 अक्टूबर को पूरी हुई थी. 18 अक्टूबर को प्राप्त नामांकन की संवीक्षा निर्वाचन अधिकारी के स्तर पर की गई थी. उम्मीदवारों को 20 अक्टूबर तक अपना नाम वापस लेने का अवसर मिला था. प्रथम चरण में कुल 18 जिलों के अंतर्गत 121 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. इस चरण में कुल 1,690 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से 1,375 नामांकन वैध पाए गए. 61 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लिए, जिसके बाद कुल उम्मीदवारों की संख्या 1,314 रह गई.

इस चरण में सबसे अधिक उम्मीदवारों की संख्या कुढ़नी और मुजफ्फरपुर विधानसभा सीट पर रही, जहां 20-20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. वहीं सबसे कम 5-5 उम्मीदवार भोरे, अलौली और परबत्ता विधानसभा सीटों पर हैं.

जिलेवार सूची के अनुसार, सबसे अधिक नामांकन वापसी (9) पटना से हुई, उसके बाद दरभंगा (8), बेगूसराय (7) और गोपालगंज (6) का स्थान रहा.

वैशाली में 5, मुजफ्फरपुर में 4, जबकि सीवान, समस्तीपुर, नालंदा और बक्सर में 3-3 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए. मधेपुरा, खगड़िया और मुंगेर में 2-2, और सहरसा, सारण, शेखपुरा और भोजपुर में एक-एक उम्मीदवार ने नाम वापस लिए.

पटना जिले की 14 विधानसभा में उम्मीदवारों की आखिरी सूची के अनुसार, कुल 149 उम्मीदवार मैदान में हैं. 9 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए. पटना जिले की पालीगंज विधानसभा में सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.

अगर भागलपुर जिले की बात करें तो 7 विधानसभा सीटों के लिए 102 प्रत्याशियों ने नामांकन किया. नाथनगर विधानसभा में कुल 21 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया. बता दें कि प्रथम चरण के लिए मतदान की तिथि 6 नवंबर निर्धारित की गई है. बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी.

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493