सिडनी-भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की शानदार शतकीय पारी और स्टार बैट्समैन विराट कोहली के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की बदौलत भारत ने तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर जोरदार जीत दर्ज की। हालांकि, इस हार के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीन मैचों की सीरीज को 2-1 से पहले ही अपने नाम कर लिया था।
भारत ने कंगारूओं के दिए 237 रनों के टारगेट का पीछा बेहद सहजता से करते हुए 38.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर ही जीत हासिल कर ली। बल्लेबाज रोहित शर्मा ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और टीम के लिए नाबाद रहकर 121 रन बनाए। वहीं, विराट कोहली ने 74 रनों की जोरदार पारी खेली और अंत में चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। रोहित को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। साथ ही सीरीज में शानदार बल्ले का प्रदर्शन करने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से भी उन्हें नवाजा गया।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने लगातार तीसरी बार टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। लेकिन टीम 46.4 ओवर में 236 रनों के स्कोर पर सिमट गई। भारत की ओर से युवा गेंदबाज हर्षित राणा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके। पावरप्ले में भले ही उन्हें सफलता नहीं मिली थी। लेकिन मिडिल और डेथ ओवर्स में उन्होंने एलेक्स कैरी, मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली और जोश हेजलवुड को वापस पवेलियन भेजा और टीम को बड़ी सफलताएं दिलाई।
dharmpath.com dharmpath