नई दिल्ली-दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस गड़बड़ी की वजह से 100 से ज्यादा उड़ानें देरी से रवाना हुईं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह समस्या गुरुवार शाम से ही बनी हुई थी। तकनीकी खराबी के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को ऑटोमेटिक फ्लाइट शेड्यूल नहीं मिल पा रहा था। जिसके चलते उन्हें मैन्युअल तरीके से काम करना पड़ा।
मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि ऑटोमैटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में गड़बड़ी आई थी। यही सिस्टम फ्लाइट्स के टेकऑफ और लैंडिंग का शेड्यूल तय करता है। सिस्टम ठप पड़ने के बाद कंट्रोलर्स पुराने डेटा के आधार पर मैन्युअली फ्लाइट शेड्यूल तैयार कर रहे हैं। इस कारण कई उड़ानें करीब 50 मिनट तक देरी से रवाना हुईं। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, गुरुवार को भी 513 फ्लाइट्स देरी से उड़ान भर पाई थीं।
dharmpath.com dharmpath