पटना-बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को मतदान होगा. इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा. इन सीटों में 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं. चुनाव के इस चरण में कुल 3 करोड़ 70 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे.
दूसरे चरण में जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण शामिल हैं.
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले भारत-नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है. इस दौरान बॉर्डर पर एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) हाई अलर्ट पर है. बताया गया कि बॉर्डर पर 72 घंटे के लिए आवागमन बंद कर दिया गया है.
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को 20 जिलों के 122 सीटों के लिए होगा. दूसरे और अंतिम चरण में 1302 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है. इस चरण में मतदाता तीन दलों के प्रदेश अध्यक्षों के अलावा कई दिग्गजों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे. दूसरे चरण के मतदान में तीन दलों के प्रदेश अध्यक्षों में से लोजपा (रामविलास) के राजू तिवारी गोविंदगंज से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की किस्मत कुटुंबा में दांव पर लगी है. टेकारी से हिन्दुस्तानी आवाम मोर्च के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार के भाग्य का फैसला भी मंगलवार को मतदाता करेंगे.
dharmpath.com dharmpath