भारत के अगले सीजेआई सूर्यकांत ने शपथ ग्रहण से पहले मीडिया से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट और पूरे देश में मुकदमों के बढ़ते बोझ को घटाने के लिए कई समानांतर योजनाएं लागू करेंगे. जस्टिस सूर्यकांत ने स्पष्ट कहा कि वे अपने कार्यकाल में ट्रोल्स के किसी भी मुद्दे पर दबाव बनाने के ट्रेंड को किसी तरह की स्वीकृति नहीं देंगे. बता दें कि जस्टिस सूर्यकांत देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश होंगे. वह 24 नवंबर को शपथ लेंगे. देश के वर्तमान सीजेआई जस्टिस बीआर गवई का आज न्यायिक सेवा से रिटायर हुए हैं.
जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि हमारी प्राथमिकता अदालतों में लंबित मामलों की संख्या कम करने की होगी. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों और देशभर की अदालतों में लंबित मामलों को कैसे कम करना है, इस पर काम किया जाएगा. उन्होंने कहा है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश की शपथ लेने के तुरंत बाद वे देशभर के सभी हाईकोर्ट से बात कर ऐसे मामलों की पहचान करेंगे और उनका निपटारा करेंगे, जिसकी वजह से निचली अदालतों में मामलों की सुनवाई नहीं हो पा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार सबसे बड़ी पक्षकार (वादी) है. इस मसले पर भी काम किया जाएगा कि इसे कैसे कम किया जाए.
dharmpath.com dharmpath