रायसेन-मध्य प्रदेश के रायसेन में आज एक बड़ा हादसा हो गया। रायसेन स्टेट हाइवे 19 बरेली से स्टेशन पिपरिया को जोड़ने वाली सड़क ग्राम नयागांव का 50 साल पुराना पुल टूट गया। बताया जा रहा है कि पुल पर मरम्मत का काम चल रहा था। इस हादसे में एक मजदूर और चार बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल का तकरीबन 50 फीट हिस्सा गिरा है। इस दौरान पुल के ऊपर से गुजर रहीं दो मोटरसाइकिलें नीचे जा गिरीं। एक मजदूर और बाइक सवार चार लोग घायल हो गए। सभी को बरेली सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। घायलों में एक मोटरसाइकिल पर जैत (सीहोर) के निवासी सवार थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर बरेली के धोखेड़ा निवासी थे।
घायलों को सिर-हाथ और पैर में गंभीर चोट लगी है। सभी को भोपाल एम्स अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसडीओपी और तहसीलदार सहित स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि पुल का निर्माण 1980 में हुआ था। पुल की लंबाई करीब 120 फीट है और चौड़ाई 25 फीट है। स्टेट हाईवे पर बना यह पुल रायसेन जिले के बरेली और पिपरिया को जोड़ता है।
dharmpath.com dharmpath