प्रयागराज – शुक्रवार को माघ मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. संगम तट की ओर तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया, जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाकर लोगों ने पुण्य लाभ अर्जित किया. पहले ही दिन मेले क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. इस दौरान प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया. माघ मेला 3 जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि तक चलेगा. इस दौरान कई प्रमुख स्नान पर्व और धार्मिक आयोजन होंगे.
माघ मेले के अवसर पर मेला अधिकारी ऋषि राज ने बताया कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सारी तैयारियां कर ली गई हैं. पौष पूर्णिमा के शुभ अवसर पर माघ मेला शुरू हो चुका है. सुबह 8 बजे तक लगभग 65 लाख श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके थे. सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी हैं.
घाटों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात हैं.
जल पुलिस, एनडीआरएफ और जीआरएफ की टीमें अपने-अपने ड्यूटी पॉइंट्स पर तैनात हैं और पूरी तत्परता से अपना कर्तव्य निभा रही हैं.
पूरे मेला क्षेत्र में 400 से अधिक एआई-इनेबल्ड सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए हर गतिविधि पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है.
ड्रोन के माध्यम से भी भीड़ और यातायात की लगातार निगरानी की जा रही है.
जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के गोताखोरों को संगम और आसपास के घाटों पर तैनात किया गया है.
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा ने बताया कि माघ मेला 2026 के पहले बड़े स्नान पर्व को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं, आज माघ मेला 2026 का पहला बड़ा स्नान पर्व है. इसे देखते हुए इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन, एआई-इनेबल्ड कैमरे और एआई-आधारित सिस्टम लगाए गए हैं, जिनके जरिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. हमारी ट्रैफिक और सुरक्षा टीमें जमीन पर मौजूद हैं ताकि सब कुछ सुचारू रूप से चलता रहे.
dharmpath.com dharmpath