वडोदरा-न्यूजीलैंड के खिलाफ आज यानी रविवार (11 जनवरी) से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है. टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत नेट प्रैक्टिस के दौरान चोटिल होकर पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं.
पंत की अनुपस्थिति न केवल मध्यक्रम के लिए एक बड़ी क्षति है, बल्कि टीम के रणनीतिक संतुलन को भी प्रभावित कर सकती है. घटना शनिवार (10 जनवरी) दोपहर की है, जब टीम इंडिया वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में अभ्यास सत्र में भाग ले रही थी.बल्लेबाजी अभ्यास के दौरान पंत ने एक शॉट खेला और अचानक उन्हें अपनी दाईं ओर पेट के हिस्से में असहनीय दर्द महसूस हुआ. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत नेट से बाहर ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद एमआरआई स्कैन के लिए अस्पताल भेजा गया.
पंत के बाहर होने के बाद चयन समिति ने युवा और प्रतिभाशाली विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया है. बीसीसीआई के आधिकारिक बयान के अनुसार, जुरेल वडोदरा में टीम के साथ जुड़ चुके हैं और पहले मैच के चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे. 24 वर्षीय ध्रुव जुरेल ने अब तक भारतीय टीम के लिए 9 टेस्ट और 4 टी20 मुकाबले खेले हैं, लेकिन उन्हें अभी भी अपने वनडे डेब्यू का इंतजार है.
dharmpath.com dharmpath