एचआईएल : रांची रेज ने विजार्ड्स को 1-0 से हराया

रांची, 8 फरवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के तीसरे संस्करण के 19वें मुकाबले में रविवार को गृह-मैदान एस्ट्रॉटर्फ स्टेडियम में रांची रेज ने उत्तर प्रदेश विजार्ड्स को 1-0 से हरा दिया।

इस जीत के साथ ही रांची के सात मैचों में अब 24 अंक हो गए हैं और वह दूसरे पायदान पर बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के इतने ही मैचों में 20 अंक हैं और वह अंकतालिका में तीसरे पायदान पर है।

पंजाब वारियर्स सात मैचों में 28 अंकों के साथ शीर्ष पर है।

इंग्लैंड के एस्ले जैक्सन ने 18वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर के जरिए गोल कर रांची को लीग की चौथी जीत दिलाई। लीग में जैक्सन का यह सातवां गोल है और वह सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। लीग में पंजाब वारियर्स के संदीप सिंह के नाम अभी सर्वाधिक आठ गोल हैं।

इससे पहले शुक्रवार को कलिंगा लांसर्स के खिलाफ मिली 4-0 की जीत में भी जैक्सन ने अपनी टीम की ओर से तीन गोल दागे थे।

बहरहाल, मैच के दौरान विजार्ड्स ने भी हालांकि कुछ अच्छे मौके पैदा किए लेकिन वह उसे गोल में बदलने में नाकाम रहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493