इंदौर- मध्य प्रदेश के इंदौर में एक 17 वर्षीय किशोरी ने रैपिडो चालक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। रावजी बाजार थाना पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज कर आरोपी अंकित नागर (22) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पीड़िता ने सीधे थाने जाने के बजाय मोबाइल पर चैटजीपीटी की मदद से महिला अपराध और चाइल्ड हेल्पलाइन के नंबर खोजे और पुलिस से संपर्क किया। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही कार्रवाई की गई और पीड़िता को समझा बुझाकर थाने लाया गया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी ने मोबाइल एप के जरिए राजवाड़ा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी। आरोप है कि चालक उसे उसके निर्धारित जगह पर ले जाने के बजाय सस्ते कपड़े दिलाने का झांसा देकर परदेशीपुरा की ओर ले गया। वहां एक कमरे में जबरदस्ती करने के बाद रात करीब नौ बजे शनि मंदिर के पास छोड़कर वह फरार हो गया। एक अन्य विवरण में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बातों के जाल में फंसाकर पहले खरीदारी कराई और पैसे खत्म होने की बात कहने पर किशोरी को नेहरू नगर स्थित अपने कमरे पर ले गया।
आरोपी मूलत: राजगढ़ का रहने वाला है और इंदौर के नेहरू नगर में दोस्तों के साथ किराये के कमरे में रहकर बीए की पढ़ाई कर रहा था। वह जेब खर्च के लिए पार्ट टाइम रैपिडो चला रहा था। थाना प्रभारी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महज आठ दिन पहले ही रैपिडो का काम शुरू किया था। पुलिस ने कंपनी को नोटिस जारी कर यह जांच शुरू कर दी है कि आरोपी का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया था या नहीं।
dharmpath.com dharmpath