भोपाल-वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीती रात से मंगलवार सुबह तक प्रदेश के कई जिलों में ओले, बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। शिवपुरी में एक दर्दनाक हादसे में झोपड़ी पर बिजली गिरने से किसान की जिंदा जलकर मौत हो गई। मौसम के इस बदले मिजाज ने जनजीवन के साथ-साथ खेती और परिवहन व्यवस्था को भी प्रभावित किया है।
ग्वालियर और मंदसौर में ओलावृष्टि दर्ज की गई जिससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है। भोपाल, भिंड, छतरपुर, राजगढ़, आगर मालवा और गुना में बारिश हुई। रायसेन में सुबह ओस की बूंदें जमती दिखीं जिससे ठंड का असर साफ नजर आया। भोपाल और सीहोर में घने कोहरे के कारण विजिबिलीटी 50 मीटर तक सिमट गई यानी 50 मीटर के बाद कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।
दतिया, रायसेन, उज्जैन, मुरैना, देवास, धार, इंदौर, खजुराहो, रीवा, सतना, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, राजगढ़, रतलाम, श्योपुर और शिवपुरी कोहरे की चपेट में रहे। इसके अलावा मंडला, नौगांव, टीकमगढ़ और मलाजखंड में भी मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। खराब मौसम का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। दिल्ली से भोपाल और इंदौर आने वाली कई ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चल रही हैं।
dharmpath.com dharmpath