मंदसौर- मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एमडी ड्रग्स बनाने वाली एक बड़ी अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। शनिवार देर रात सुरजना गांव में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खेत में बने एक मकान से 12.5 किलो क्रूड एमडी केमिकल बरामद किया। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह फैक्ट्री गांधीसागर बांध के डूब क्षेत्र से सटे जंगल के पास चलाई जा रही थी ताकि गतिविधियों पर किसी की नजर न पड़े। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात दबिश दी और मौके से फैक्ट्री चलाने वाले सुरजना निवासी दीपक सिकलीगर (32) और सुमीत सिकलीगर (29) को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को ड्रग्स निर्माण से जुड़ा कच्चा माल और अन्य उपकरण भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार किया जा रहा क्रूड एमडी केमिकल आगे प्रोसेसिंग के बाद बाजार में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के तार कहां-कहां तक जुड़े हैं और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath