नई दिल्ली-अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज यानी 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी. भारतीय टीम अपनी शानदार फॉर्म के कारण इस मैच में फेवरेट मानी जा रही है, लेकिन सोशल मीडिया और क्रिकेट गलियारों में एक अजीब सा डर फैला हुआ है.क्रिकेट प्रेमी इसे संडे एंग्जायटी यानी रविवार की घबराहट कह रहे हैं. दरअसल, आंकड़ों के एक दिलचस्प और थोड़े डरावने पैटर्न ने भारतीय फैंस की नींद उड़ा दी है. इतिहास गवाह है कि भारतीय टीम ने आज तक रविवार के दिन कोई भी वर्ल्ड कप ट्रॉफी नहीं जीती है.
भारतीय क्रिकेट के सुनहरे इतिहास पर नजर डालें तो एक चौंकाने वाला सच सामने आता है. भारत ने जब-जब विश्व विजेता का खिताब अपने नाम किया, वह दिन रविवार नहीं था. वहीं, हाल के वर्षों में रविवार के दिन खेले गए फाइनल मैचों ने भारतीय प्रशंसकों को गहरे जख्म दिए हैं.
सबसे ताजा उदाहरण 2023 का वनडे वर्ल्ड कप फाइनल है. अहमदाबाद के इसी मैदान पर अजेय रथ पर सवार टीम इंडिया रविवार के दिन ही ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी. इससे पहले 2003 के वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी रविवार को हुआ था. जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को मात दी थी.
2014 का टी20 वर्ल्ड कप फाइनल भी संडे को हुआ था जिसमें श्रीलंका ने भारत को हराया था. इन वर्ल्ड कप के अलावा 2017 की चैंपियंस ट्राफी के फाइनल में भी पाकिस्तान ने भारत को रविवार के दिन ही मात दी थी. अब 2026 का यह फाइनल भी रविवार को हो रहा है, जिससे फैंस को डर सता रहा है.
भारत की सबसे यादगार जीतें अक्सर शनिवार के दिन दर्ज की गई हैं. भारतीय क्रिकेट के इतिहास पर नजर डालें तो जीत और हार के दिनों का एक बेहद दिलचस्प संयोग दिखाई देता है. टीम इंडिया की सबसे पहली ऐतिहासिक जीत 1983 के वनडे वर्ल्ड कप में शनिवार, 25 जून को वेस्टइंडीज के खिलाफ आई थी.
इसके बाद, 2007 का पहला टी20 वर्ल्ड कप भारत ने सोमवार, 24 सितंबर को पाकिस्तान को हराकर अपने नाम किया था. 2011 का वनडे वर्ल्ड कप भी शनिवार, 2 अप्रैल को जीता गया, जब महेंद्र सिंह धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ विजयी छक्का लगाया था. हाल ही में 2024 का टी20 वर्ल्ड कप खिताब भी शनिवार, 29 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिला.
dharmpath.com dharmpath