नई दिल्ली-उत्तर भारत के इलाकों में इन दिनों जबरदस्त गर्मी देखने को मिल रही है. हालात ऐसे हैं कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है. लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं. दिल्ली-NCR समेत यूपी, हरियाणा और पंजाब में दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखने लगा है. हालांकि इसी बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है कि कुछ ही दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
बात करें दिल्ली की तो यहां तापमान 43 डिग्री के आसपास बना हुआ है. गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 25 अप्रैल को भी यही हाल रहने वाला है. लेकिन 26 अप्रैल से हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दिन तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी और आसमान में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना है. वहीं, 27 से 29 अप्रैल के बीच तापमान 41-42 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है. लोगों को लू से राहत मिलेगी.
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-NCR में 26 से 28 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा, यूपी में 28-29 अप्रैल को मौसम बदलने के संकेत हैं. झारखंड और बिहार में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी भी देखने को मिल सकती है, जिससे गर्मी से अस्थायी राहत मिलेगी.
dharmpath.com dharmpath