नई दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में 48 घंटे के भीतर दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है. इससे पहले केंद्र सरकार द्वारा 15 मई को भी सीएनजी के दाम बढ़ाए गए थे.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने रविवार (17 मई) को अपने पूरे नेटवर्क में सीएनजी की कीमतें 1 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी हैं.
नई दरें रविवार सुबह 6:00 बजे से लागू हो गई हैं, जिसके बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत बढ़कर 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. यह पहली बार है जब दिल्ली में सीएनजी की कीमत 80 रुपये के आंकड़े को पार कर गई है.
मालूम हो कि यह बढ़ोतरी आईजीएल द्वारा शुक्रवार को सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी किए जाने के दो दिन बाद हुई है, जब दिल्ली में सीएनजी की दर 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी.
नोएडा-ग़ाज़ियाबाद में सीएनजी के दाम 88.70 रुपए प्रति किलो हो गए हैं.
उल्लेखनीय है कि लगातार बढ़ते ईंधन के दामों (पेट्रोल, डीजल और अब सीएनजी) के चलते दिल्ली-एनसीआर में कैब (ओला/उबर), ऑटो, कमर्शियल गाड़ियों और रोजमर्रा का सफर करने वाले आम लोगों की जेब पर आर्थिक बोझ और ज्यादा बढ़ने वाला है. आने वाले दिनों में ऑटो और कैब चालकों द्वारा किराए में बढ़ोतरी की मांग भी तेज हो सकती है.
इससे पहले शुक्रवार को केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था, जिसके तहत राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें करीब 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई थीं.
इस बदलाव के बाद दिल्ली में पेट्रोल अब 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
dharmpath.com dharmpath