भोपाल-राजधानी भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में भाजपा विधायक विष्णु खत्री का भागवती वेयर हाउस एक बार फिर विवादों में आ गया है। खाद्य विभाग द्वारा कुछ महीने पहले समर्थन मूल्य पर समय से पहले गेहूं खरीदी के मामले में ब्लैकलिस्ट किए गए इस वेयरहाउस की अब पहली यूनिट को उपार्जन केंद्र बनाकर दोबारा खरीदी शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, यहां से पिछले 10 दिनों में करीब ढाई हजार क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है।
मामला बैरसिया के तरावली कलां स्थित भागवती वेयर हाउस से जुड़ा है। इससे पहले वेयरहाउस की दूसरी यूनिट को समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए उपार्जन केंद्र बनाया गया था। आरोप था कि केंद्र पर आधिकारिक खरीदी शुरू होने से पहले ही 35 किसानों से करीब 6,500 क्विंटल गेहूं खरीदकर गोदाम में रखवा लिया गया था। शिकायत और जांच के बाद खाद्य विभाग की टीम ने विपणन सहकारी समिति बैरसिया और भागवती वेयर हाउस को ब्लैकलिस्ट कर दिया था। साथ ही दूसरी यूनिट को उपार्जन केंद्रों की सूची से हटा दिया गया था।
कार्रवाई के बाद वहां खरीदी पूरी तरह बंद कर दी गई थी लेकिन अब अधिकारियों ने उसी वेयरहाउस की पहली यूनिट को उपार्जन केंद्र के रूप में मंजूरी देकर गेहूं खरीदी दोबारा शुरू करवा दी है। जानकारी के अनुसार, यह प्रक्रिया गुपचुप तरीके से पूरी की गई। अधिकारियों का कहना है कि वरिष्ठ स्तर से निर्देश मिलने के बाद पहली यूनिट को मैप कर खरीदी की अनुमति दी गई।
dharmpath.com dharmpath