उमरिया-मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में शनिवार देर रात बाघ के हमले से एक महिला की मौत हो गई। जबकि,दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि खेरवा टोला गांव में महिला अपने घर के आंगन में सो रही थी। तभी बाघ ने उस पर हमला कर दिया था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।मृत महिला की पहचान 48 वर्षीय फूलबाई के रूप में हुई है।
वहीं, दसैय्या और फुल्ला नामक ग्रामीण घायल हुए हैं। उन्हें मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, हमला करने के बाद बाघ घर के पास ही बैठा रहा और लगातार दहाड़ता रहा था जिससे लोग भयभीत हो गए थे।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए उन पर हमला कर दिया।
इस दौरान परिक्षेत्र अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के सिर में चोट आई। जबकि, पतौर रेंजर अंजू वर्मा के साथ भी मारपीट की गई। वनरक्षक और डिप्टी रेंजर भी ग्रामीणों के निशाने पर आए। हालात को संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath