उज्जैन-मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार सुबह हॉस्टल से लापता दो छात्रों में से एक का शव स्कूल परिसर के पास स्थित तालाब (खेत में भरे पानी) से बरामद हुआ। मृत छात्र की पहचान 15 वर्षीय प्रज्ञान विमल के रूप में हुई है। कक्षा 10वीं का छात्र था। वहीं, कक्षा 9वीं के 14 वर्षीय छात्र रोशन बरेठा का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। उसकी तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र सोमवार देर शाम हॉस्टल से अचानक गायब हो गए थे। रात में उपस्थिति के दौरान जब दोनों अपने कमरों में नहीं मिले तो विद्यालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घट्टिया थाना पुलिस ने स्कूल पहुंचकर छात्रों की तलाश शुरू की। पुलिस ने परिसर और आसपास के इलाकों की जांच की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और छात्रों के साथ पढ़ने वाले विद्यार्थियों से पूछताछ भी की लेकिन देर रात तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
dharmpath.com dharmpath