नई दिल्ली-भारतीय संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा को सोमवार, 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. लोकसभा में दोपहर 12 बजे कार्यवाही फिर से शुरू हुई लेकिन विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के चलते सदन को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया. विपक्षी सांसद युवा प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
31 जुलाई को लोकसभा के स्थगित होने से पहले जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक भी पास किया गया. बिल पास होने के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार चाहती है कि सभी सदस्य विधायी प्रक्रिया में हिस्सा लें. उन्होंने विपक्षी सांसदों से कहा, आप लोगों को बाहर जाकर यह नहीं पूछना चाहिए कि बिल चर्चा के बिना क्यों पास हुआ.
इससे पहले कांग्रेस ने संसद भवन के परिसर में भी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया. इस दौरान कई कांग्रेस सांसद हाथ में एक लंबा बैनर पकड़े नजर आए, जिसपर लिखा था- “अमित शाह संसद से गायब क्यों?” कांग्रेस सांसदों ने अयोध्या के राम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी के विरोध में भी प्रदर्शन किया.
संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में भी विपक्षी सांसदों ने छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए बल प्रयोग का मुद्दा उठाया. विपक्ष की नारेबाजी पर राज्यसभा अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन ने विपक्षी सांसदों से कहा, “आप चाहते हैं कि हर कोई आपकी बात सुने लेकिन आप किसी की बात नहीं सुनना चाहते. यह गलत है. यह तानाशाही है.” इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बोलने की कोशिश की लेकिन सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.
dharmpath.com dharmpath