नई दिल्ली-कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की रिटेल कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गई है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने शुक्रवार को कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की. नई कीमतें शनिवार (28 अगस्त) सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं. करीब चार रुपये की वृद्धि के बाद दिल्ली में CNG की रिटेल कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी.
आईजीएल ने कहा कि जुलाई के बाद से वेस्ट एशिया संकट के फिर से बढ़ने के कारण ग्लोबल एलएनजी (LNG) कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं. होर्मुज जलडमरूमध्य से LNG कार्गो की आवाजाही प्रभावित हुई है. अंतरराष्ट्रीय गैस कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद, दिल्ली में सीएनजी उपभोगत्ताओं को इम्पोर्टेड स्पॉट एलएनजी कीमतों में उतार-चढ़ाव से काफी हद तक बचाया गया है. कंपनी ने सर्दियों के मौसम से पहले यूरोप में प्राकृतिक गैस के भंडारण की बढ़ती मांग की ओर भी इशारा किया.
कंपनी ने कहा, इम्पोर्टेड स्पॉट गैस की बढ़ती कीमतों के बावजूद, IGL जैसी CGD कंपनियां दूसरे वैकल्पिक ईंधनों की तुलना में CNG की कीमतें काफी किफायती बनाए हुए हैं. IGL ने कहा कि यह बढ़ोतरी इसलिए जरूरी हो गई क्योंकि CNG सेगमेंट के लिए इस्तेमाल होने वाली गैस का एक बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड स्पॉट LNG से आता है. भारत की इकोनॉमिक ग्रोथ और बढ़ती कंज्यूमर डिमांड के साथ CNG की खपत में भी काफी बढ़ोतरी हुई है, जिससे इम्पोर्टेड गैस की जरूरत बढ़ गई है.
IGL के अनुसार, यूरोपियन TTF गैस की कीमतें फरवरी के आखिर में लगभग 11.36 अमेरिकी डॉलर प्रति MMBTU से बढ़कर 27 अगस्त तक लगभग 23.35 अमेरिकी डॉलर प्रति MMBTU हो गईं, जो लगभग 105 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. इसी दौरान, एशियाई JKM LNG की कीमतें लगभग 10.99 अमेरिकी डॉलर प्रति MMBTU से बढ़कर 23.41 डॉलर प्रति MMBTU हो गईं, जो लगभग 113 प्रतिशत की बढ़ोतरी है.
dharmpath.com dharmpath