सज्जन कुमार के देहांत के बाद शोक जताने पहुंचे तीन भाजपा सांसद

नई दिल्ली-1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार की मौत पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की शोक संवेदना वाली टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था. इसके कुछ दिनों बाद शुक्रवार (29 अगस्त) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी उस समय असहज स्थिति में आ गई, जब उसके लोकसभा के तीन सांसद सज्जन कुमार के घर मातमपुर्सी के लिए पहुंच गए.

रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत हाल ही में सज्जन कुमार के पारिवारिक घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी.

इस कदम के बाद अप्रैल में भाजपा में शामिल हुए एचएस फुल्का ने तीनों सांसदों के बहिष्कार का आह्वान किया है.

फुल्का ने एक्स पर लिखा, ‘सामूहिक हत्याओं के दोषी सज्जन कुमार की मौत पर उनके घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त करने वाले तीन सांसदों कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया के इस कदम की कड़ी निंदा करता हूं. यह तब हुआ है जब भाजपा ने हमेशा इस दोषी के खिलाफ न्याय की हमारी लड़ाई का समर्थन किया है और यह सुनिश्चित करने में हमारा साथ दिया है कि वह जेल में रहे. सहानुभूति पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए होनी चाहिए, जिनमें से कई लोग आज भी उन दिनों की भयावहता झेल रहे हैं. मैं इन तीनों सांसदों के बहिष्कार का आह्वान करता हूं.’

दिल्ली से भाजपा के ये तीनों सांसद उन इलाकों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिन्हें बाहरी दिल्ली के पूर्व लोकसभा क्षेत्र से अलग करके बनाया गया था. सज्जन कुमार कांग्रेस के टिकट पर इसी लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके थे. इनमें बिधूड़ी की दक्षिण दिल्ली, सहरावत की पश्चिमी दिल्ली और चंदोलिया की उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट शामिल है.

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर जारी एक बयान में सवाल उठाया कि भाजपा के शीर्ष नेता सज्जन कुमार के प्रति सहानुभूति क्यों रखते हैं और क्या भाजपा तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेताओं ने 1984 में सिखों को निशाना बनाने में कांग्रेस की मदद की थी.

उन्होंने लिखा, ‘कुछ लोग यह भी कहते हैं कि दिल्ली में सिख विरोधी दंगों के दौरान स्थानीय भाजपा/आरएसएस नेताओं ने सड़कों पर निर्दोष सिख परिवारों को निशाना बनाने में कांग्रेस की मदद की थी. क्या यही वजह है कि दिल्ली के भाजपा के शीर्ष नेता सज्जन कुमार के प्रति इतनी सहानुभूति रखते हैं?’

इससे पहले, जब रोहतक से सांसद हुड्डा को सज्जन कुमार की मौत पर शोक जताने वाली अपनी टिप्पणी को लेकर व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा था, तब उन्होंने इस बात से इनकार किया था कि उन्होंने कुमार को ‘रोल मॉडल’ कहा था.

About Dharm Path

Leave a Reply


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493