डबरा-मध्य प्रदेश के डबरा में शनिवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों से भरी एक बस में गोलियों की आवाज गूंज गई. कार हटाने को लेकर हुए विवाद में 2 युवकों ने स्कूल बस के ड्राइवर पर फायरिंग कर दी.
यह घटना ग्वालियर जिले के डबरा कस्बे में पिचोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास की है. पुलिस के मुताबिक, Glorious Convent School की बस बच्चों को स्कूल लेकर जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में एक स्विफ्ट कार (Swift) बीच सड़क पर खड़ी थी, जिससे बस को आगे निकलने में परेशानी हो रही थी. बस ड्राइवर खेम सिंह ने पहले अपने हेल्पर को कार में बैठे लोगों से गाड़ी हटाने के लिए कहा. लेकिन युवकों ने कार हटाने से इनकार कर दिया और कहा कि उसमें पेट्रोल खत्म हो गया है. इसके बाद ड्राइवर खुद नीचे उतरा और कार को किनारे करने की बात कही.
पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर ड्राइवर और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक ने कथित तौर पर देशी पिस्तौल निकाल ली और खेम सिंह पर 4 राउंड फायर कर दिए. गोली के छर्रे ड्राइवर की आंख के पास और गाल पर लगे, जिससे वह घायल हो गया. फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. जब यह सब हो रहा था, तो उस वक्त बस में बच्चे मौजूद थे.
घायल ड्राइवर को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे ग्वालियर रेफर किया गया. न्यूज एजेंसी IANS को पिचोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने बताया कि जिस कार को लेकर विवाद हुआ, उसकी खिड़कियों पर टिंट लगा था और पीछे के शीशे पर गुर्जर लिखा था. वहीं SDOP सौरभ कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही हैं. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की आवाजाही का पता लगाया जा सके.
dharmpath.com dharmpath