जमुई-बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद मचे बवाल के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस के साथ एनकाउंटर में घटना का मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हो गया. न्यूज एजेंसी IANS ने पुलिस के हवाले से बताया कि नंदन यादव के पैर में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना 19 सितंबर की बताई जा रही है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया था.
मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में पहाड़ी इलाके में पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस दल पर हमला किया गया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हो गया. उन्होंने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है. उसके पैर की हड्डी टूटने की बात सामने आई है और उसका भी इलाज कराया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके में 19 सितंबर की शाम एक नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त को कुछ युवकों ने रोक लिया था. इस दौरान छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक के साथ भी मारपीट की गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की थी.
पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए SIT का गठन किया गया था. पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहे कई लोगों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी कार्रवाई शुरू की है.
dharmpath.com dharmpath