उज्जैन-मध्य प्रदेश के उज्जैन के रामवास क्षेत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की एक बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस लपटों से घिर गई और देखते ही देखते जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग बुझाई। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जांच कर रहे हैं।
घटना के वक्त बस में यात्री मौजूद थे या नहीं इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। दमकल कर्मियों ने समय रहते पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
उज्जैन में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए 10 बसें उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा को हरी झंडी दिखाकर इन बसों का संचालन शुरू कराया था।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में हुआ था। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कार्यक्रम में 7 प्रमुख शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को रवाना किया था।
dharmpath.com dharmpath