नई दिल्ली-उत्तर प्रदेश के वाराणसी रहने वाले बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव और वकील नित्यानंद राय ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर से सोना गायब हो गया है.
यह खबर ऐसे समय में आई है, जब अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी और धन के गबन के मामले की जांच पहले से ही चल रही है और ये पूरा मामला लगातार सुर्खियों में है.
डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, राय ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि मंदिर के दो स्थानों से स्वर्ण कलश गायब हो गया है, इनमें मंदिर का शिखर भी शामिल है. उन्होंने अखबार से कहा, ‘यह गंभीर मामला है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए.’
राय ने मंदिर से सोने और चांदी की चोरी की पिछली घटनाओं का भी जिक्र किया.राय ने वाराणसी में पत्रकारों को बताया कि उन्होंने पिछले महीने इस संबंध में अपने सवालों के जवाब मांगने के लिए वाराणसी के कमिश्नर, जिलाधिकारी, प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखे थे. हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय को छोड़कर किसी ने भी जवाब नहीं दिया.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने उनकी शिकायत पर संज्ञान लिया और उनसे संपर्क कर मामले से जुड़ी जानकारी मांगी.
dharmpath.com dharmpath