निप्रो-यूक्रेन के मध्य हिस्से में स्थित निप्रो शहर में गुरुवार सुबह रूसी ड्रोन हमले में 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 10 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में यात्रियों को ले जाने वाली एक इलेक्ट्रिक ट्रेन को निशाना बनाया गया था। घटना के समय स्टेशन पर ट्रेन खड़ी थी और प्लेटफॉर्म पर कई यात्री मौजूद थे। हमले के बाद मेडिकल टीमें मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मदद पहुंचाई गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस हमले की निंदा करते हुए रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
निप्रो के मेयर बोरिस फिलातोव ने सोशल मीडिया के जरिए हमले की जानकारी दी। उनके मुताबिक, रूसी ड्रोन ने यात्रियों को ले जाने वाली इलेक्ट्रिक ट्रेन को निशाना बनाया था। यूक्रेन रेलवे ने भी बताया कि हमले के समय स्टेशन पर ट्रेन खड़ी थी और प्लेटफॉर्म पर यात्री मौजूद थे। हमले के बाद स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल बन गया था। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल टीमें घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, अधिकारियों की ओर से मृतकों और घायलों की पहचान या उनकी स्थिति को लेकर अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने निप्रो में हुए हमले को भयावह बताया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर दबाव बढ़ाने और कड़े प्रतिबंध लगाने की अपील की ताकि इस तरह के हमलों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब यूक्रेन का रेलवे नेटवर्क लगातार रूसी हमलों का सामना कर रहा है। रेलवे देश में नागरिकों की आवाजाही के साथ साथ जरूरी सामान की आपूर्ति और आर्थिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
dharmpath.com dharmpath