रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुआ आईसीसी विश्व कप

क्राइस्टचर्च, 12 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में आईसीसी विश्व कप-2015 का गुरुवार को रंगारंग भव्य उद्घाटन समारोह के साथ आगाज हो गया।

दो घंटे तक चले समारोह में 1,000 कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं और इसमें न्यूजीलैंड के पूर्व एवं मौजूदा क्रिकेट खिलाड़ी और शीर्ष संगीतकार शामिल थे।

क्रिकेट के इस सबसे बड़े आयोजन के उद्घाटन समारोह का 220 देशों में सीधा प्रसारण किया गया, जहां करीब 2.5 अरब लोगों ने इसका लुत्फ उठाया।

समारोह की शुरुआत 80 स्कूली बच्चों के बीच चार मैचों से हुआ और समारोह के दौरान श्रीलंका की पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति भी हुई। इसके अलावा स्कॉटलैंड के बैगपाइपर वादकों, बॉलिवुड और आयरलैंड के नर्तकों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।

क्राइस्टचर्च के मेयर लियाने डेलजील ने कहा कि शहर काफी समय से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर छाने के लिए बेताब था।

क्राइस्टचर्च तीन वर्ष पहले भीषण भूकंप की चपेट में आ गया था, जिसके कारण जान-माल की भारी हानि हुई थी और शहर को रग्बी विश्व कप-2011 की मेजबानी भी गंवानी पड़ी थी। उसके बाद क्राइस्टचर्च में यह पहला बड़ा अंतर्राष्ट्रीय आयोजन है।

अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच न्यूजीलैंड के दिग्गज रिचर्ड हेडली, पूर्व कप्तान स्टीफेन फ्लेमिंग और मौजूदा कप्तान ब्रेंडन मैक्लम ने भी अतिथि भूमिकाएं निभाईं।

मैक्लम जैसे ही मंच पर पहुंचे दर्शकों ने सर्वाधिक उत्साह से उनका स्वागत किया।

शानदार आतिशाबजी के साथ विश्व कप उद्घाटन समारोह का समापन हुआ।

शनिवार से शुरू हो रहे आईसीसी विश्व कप के 11वें संस्करण में 14 देश हिस्सा ले रहे हैं तथा मेजबान न्यूजीलैंड हेगले ओवल में शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

विश्व कप का उद्घाटन समारोह सह मेजबान आस्ट्रेलिया के सिडनी में भी आयोजित किया गया।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के अध्यक्ष वाली एडवर्ड्स ने विश्व कप का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा, “आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड मैदान पर एकदूसरे के धुर प्रतिद्वंद्वी हैं, लेकिन पिछले 10 वर्षो से दोनों देशों ने इस विश्व कप के आयोजन के लिए मिलकर शानदार काम किया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493