विश्व कप के दौरान खिलाड़ियों के लिए जन्मदिन होगा विशेष

कोलकाता, 13 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में अगले डेढ़ महीने तक चलने वाले आईसीसी विश्व कप-2015 के दौरान जिन 25 खिलाड़ियों का जन्मदिन पड़ेगा निश्चित ही उनके लिए यह जन्मदिन विशेष मायने रखेगा।

भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो तेज गेंदबाज मोहम्मद समी 9 मार्च को अपना 26वां जन्मदिन मनाएंगे। भारतीय गेंदबाजी इस समय अपने खराब फॉर्म से गुजर रही है ऐसे में 24 वर्षीय समी पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।

इससे पहले एक मार्च को जब पाकिस्तान ग्रुप-बी में जिम्बाब्वे का सामना कर रहा होगा तो टीम के हरफनमौला खिलाड़ी शाहिद अफरीदी अपना 35वां जन्मदिन मनाएंगे। अफरीदी निश्चित ही अपनी आतिशी पारी से यह जन्मदिन मनाना चाहेंगे।

पाकिस्तान के ही तेज गेंदबाज सोहैल खान (6 मार्च) और एहसान आदिल (15 मार्च) भी टूर्नामेंट के दौरान अपना जन्मदिन मनाएंगे। पाकिस्तान को 15 मार्च को आयरलैंड के खिलाफ भी खेलना है।

दक्षिण अफ्रीका के अब्राहम डिविलियर्स 17 फरवरी को अपना 31वां जन्मदिन मनाएंगे। दक्षिण अफ्रीका के ही लेग स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर 27 मार्च को 35 साल के हो जाएंगे। इसके दो दिन बाद ही विश्व कप का फाइनल खेला जाना है। ऐसे में वह चाहेंगे कि उनकी टीम फाइनल तक का रास्ता तय करे।

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान दिनेश रामदिन का जन्मदिन 13 मार्च को होगा और अगले ही दिन जिम्बाब्वे के कप्तान एल्टन चिगुंबरा अपनी सालगिरह मनाएंगे। इस दिन जिम्बाब्वे को भारत के साथ अहम मुकाबला खेलना है।

जिम्बाब्वे के एक और खिलाड़ी और पूर्व कप्तान प्रोस्पर उत्सेया 26 मार्च को 30 साल के हो जाएंगे।

इंग्लैंड के क्रिस वोक्स (2 मार्च) और ऑफ स्पिन गेंदबाड जेम्स ट्रेडवेल (27 फरवरी) भी विश्व कप के दौरान अपना जन्मदिन मनाएंगे।

श्रीलंका के बाएं हाथ के गेंदबाज रंगना हेराथ 19 मार्च को और सुरंगा लकमाल 10 मार्च को अपने जन्मदिन मनाएंगे। इसके अलावा न्यूजीलैंड के रॉस टेलर (8 मार्च) काइल मिल्स (15 मार्च) और ग्रांट इलियट (21 मार्च) भी टूर्नामेंट के दौरान केक काटते नजर आएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493