लंदन, 14 फरवरी (आईएएनएस)। छह बार के ओलम्पिक चैम्पियन जमैका के स्टार फर्राटा धावक उसेन बोल्ट ने लंदन में 2017 में होने वाले विश्व चैम्पियनशिप के बाद संन्यास लेने की घोषणा कर दी।
समाचार वेबसाइट बीबीसी के अनुसार, बोल्ट ने कहा है कि वह 2017 में केवल 100 मीटर स्पर्धा पर ध्यान देंगे। इससे पूर्व बोल्ट ने कहा था कि ब्राजील के शहर रियो में 2016 में होने वाले ओलम्पिक खेलों के बाद वह ट्रैक छोड़ेंगे। बीबीसी ने समाचार पत्र ‘डेली मेल’ के हवाले से ये बातें कहीं।
बोल्ट ने कहा, “मेरा फैसला रियो ओलम्पिक के बाद ट्रैक को अलविदा कहने का था, लेकिन मेरे प्रायोजकों ने मुझे करीब एक साल और अपना सफर जारी रखने को कहा है। ऐसे में मैं लंदन में होने वाले विश्व चैम्पियनशिप में भी हिस्सा लूंगा।”
बोल्ट के अनुसार लंदन विश्व चैम्पियनशिप में वह केवल 100 मीटर वर्ग में हिस्सा लेंगे और इस संबंध में उन्होंने अपने कोच से भी बात कर ली है।
बोल्ट का मुख्य ध्यान फिलहाल इसी साल 22 से 30 अगस्त के बीच बीजिंग में होने वाले विश्व चैम्पियनशिप पर है। विश्व चैम्पियनशिप में बोल्ट के नाम आठ स्वर्ण पदक हैं।
गौरतलब है कि चोट के कारण बोल्ट का पिछला साल काफी खराब गुजरा और वह कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सके।
dharmpath.com dharmpath