अफगानिस्तान और बड़ी टीमों में ज्यादा फर्क नहीं : जयवर्धने

डुनेडिन, 22 फरवरी (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप के 12वें मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ मैन ऑफ द मैच चुने गए श्रीलंका के बल्लेबाज माहेला जयवर्धने ने अफगान टीम की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उसके और विश्व की अन्य मजबूत टीमों में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है।

अफगानिस्तान द्वारा रखे गए 233 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने एक समय 51 रनों पर चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन जयवर्धने और कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (44) ने 126 रनों की साझेदारी कर श्रीलंका को जीत के करीब पहुंचाया।

श्रीलंका ने रविवार को युनिवर्सिटी ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच को 10 गेंद शेष रहते चार विकेट से जीता।

मैच के बाद जयवर्धने ने कहा, “इस मैच में शानदार प्रदर्शन करने का श्रेय अफगानिस्तान को भी जाता है। उन्होंने मुश्किल हालात में भी बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और उसके बाद गेंदबाजी से भी उन्होंने कड़ी चुनौती पेश की। उनके पास तेज गेंदबाज हैं और उनमें स्विंग भी है। विश्व की शीर्ष टीमों और अफगानिस्तान में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है।”

जयवर्धने के अनुसार बल्लेबाजी के लिए यह पिच थोड़ी मुश्किल थी, लेकिन मैथ्यूज का साथ मिलने से वह बड़ी पारी खेलने में कामयाब रहे।

श्रीलंका को विश्व कप के अपने पहले मैच में 14 फरवरी को क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा था। श्रीलंकाई टीम अब अपना तीसरा मैच गुरुवार को मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493