विश्व कप : जीत का क्रम जारी रखने उतरेगा आयरलैंड

ब्रिस्बेन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज को चार विकेट से हराकर अपने पहले ही मैच में बड़ा उलटफेर कर चुका आयरलैंड आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल-बी के अपने दूसरे मैच में बुधवार को गाबा मैदान पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भिड़ेगा।

आयरलैंड और यूएई जारी विश्व कप में एक-एक मैच खेल चुके हैं। आयरलैंड ने जहां कैरेबियाई टीम को हराया वहीं, यूएई को जिम्बाब्वे से हार का सामना करना पड़ा।

दोनों ही टीमें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की संबद्ध सदस्य हैं और पहली बार किसी आधिकारिक अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मुकाबले में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। ऐसे में एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा सकती है?

दोनों ही टीमों ने हालांकि अलग-अलग मौकों पर यह दर्शाया है कि वे विश्व कप में कुछ अलग करने के इरादे से आई हैं।

आयरलैंड ने जिस प्रकार वेस्टइंडीज को मात दी उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि उसका पलड़ा यूएई के खिलाफ ज्यादा भारी होगा। गाबा की उछाल लेती पिच भी आयरिश खिलाड़ियों के अनुरूप है।

वेस्टइंडीज पर मिली जीत के बाद आयरलैंड के कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड ने विश्वास जताया था कि उनकी टीम नॉकआउट वर्ग में पहुंचने में कामयाब होगी। ऐसे में आयरलैंड अगर अपना दूसरा मैच भी जीत जाता है तो विश्व कप में उसकी अब तक की यह बेहतरीन शुरुआत मानी जाएगी। आयरलैंड का यह तीसरा विश्व कप है।

दूसरी ओर, यूएई 1996 के बाद पहली बार किसी विश्व कप टूर्नामेंट में खेल रहा है। पहले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम चार विकेट से जरूर हारी लेकिन यूएई के बल्लेबाजों ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया और लगभग सभी खिलाड़ियों के बल्ले से रन निकले। खासकर शैमान अनवर और टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी खुर्रम खान अच्छी लय में दिखे।

गेंदबाजी जरूर टीम का बेहद कमजोर पक्ष है और आयरिश बल्लेबाज इस मौके का भरपूर फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।

गाबा मैदान पर आस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच 21 फरवरी के मैच को खराब मौसम और बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था। अब हालांकि मौसम साफ है और मैच के खेले जाने की उम्मीद है।

टीमें (संभावित) :

आयरलैंड : विलियम पोर्टरफिल्ड, पॉल स्टरलिंग, ईडी जोएस, नियाल ओब्रायन, गैरी विल्सन, एंडी बैलबिर्नी, केविन ओब्रायन, जॉन मूनी, जॉर्ज डॉक्रेल, मैक्स सोरेनसेन, क्रेग यंग, एलेक्स क्यूसैक, पीटर चेज।

यूएई : अमजद अली, एंद्री बेरेंगर, कृष्ण चंद्रन, खुर्रम खान, स्वप्निल पाटिल (विकेटकीपर), शैमान अनवर, रोहन मुस्तफा, मोहम्मद नवीद, अमजद जावेद, मोहम्मद तौकीर (कप्तान), नासिर अजीज, कमरान शहजाद।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493