ब्रिस्बेन, 25 फरवरी (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 में आयरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच बुधवार को हुए 16वें मैच के दौरान एक दिलचस्प वाकया तब पेश आया जब स्टम्प पर गेंद टकराने के बावजूद आयरलैंड के एड जोयसे आउट होने से बच गए।
ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर हुए पूल-बी के इस मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की पारी के दौरान यूएई के गेंदबाज अहमद जावेद की गेंद विकेट से जा टकाराई और विकेट में लगी लाल बत्ती भी जल उठी। इसके बावजूद हालांकि गिल्ली नहीं गिरी और जोयसे नॉट आउट करार दिए गए।
यूएई से मिले 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड का स्कोर उस समय एक विकेट के नुकसान पर 35 रन था और जोयसे 16 रन के निजी स्कोर पर खेल रहे थे।
ऑफ स्टम्प पर फेंकी गई यॉर्कर गेंद ऑफ स्टम्प को छूती हुई निकल गई और ऑफ स्टम्प की गिल्ली भी हवा में थोड़ी उछलकर वापस विकेट से चिपक गई।
जोयसे हालांकि इस जीवनदान का ज्यादा देर फायदा नहीं उठा सके और 18वें ओवर में 37 रनों के निजी योग पर आउट हो गए।
ऐसा ही वाकया एक साल पहले आस्ट्रेलिया के टी-20 लीग टूर्नामेंट बिग बैश लीग (बीबीएल) में भी हुआ था। मेलबर्न स्टार्स और सिडनी थंडर के बीच हुए उस मुकाबले के दौरान स्टार्स की ओर से खेल रहे डेविड हसी तब रन आउट होने से बच गए थे।
dharmpath.com dharmpath