वाशिंगटन, 25 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने वेनेजुएला की सरकार से सभी राजनीतिक कैदियों को रिहा करने का आग्रह किया और कहा कि उसे अमेरिका पर तख्तापलट का प्रयास करने का आरोप लगाना बंद कर देना चाहिए।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, केरी ने मंगलवार को सीनेट की विदेशी मामलों से संबंध समिति के साथ बैठक में कहा, “वेनेजुएला में जो कुछ हो रहा है, उसे लेकर हम उलझन में हैं और चिंतित हैं।”
केरी ने कहा, “हम वेनेजुएला सरकार से सभी राजनीतिक कैदियों, विद्यार्थियों, विपक्षी नेता लियोपोल्डो लोपेज, मेयर डेनियल सेबैलोस और वाइसेंसियो स्कैरैनो को रिहा करने की अपील करते हैं।”
केरी ने वेनेजुएला सरकार द्वारा वाशिंगटन पर राष्ट्रपति निकोलस मदुरो और दूसरे उच्चाधिकारियों के लिए मुश्किलें खड़ी करने के आरोपों की निंदा की।
मदुरो ने अपने एक बयान में कहा था कि वाशिंगटन वेनेजुएला के विपक्षी नेताओं और सेना के साथ मिलकर उनके खिलाफ तख्तापलट की साजिश कर रहा है।
तथाकथित तख्तापलट की साजिश के अंदेशे के तहत कई सैन्य कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath