ऑकलैंड, 25 फरवरी (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कोच माइक हेसन ने बुधवार को कहा कि आईसीसी विश्व कप के अपने अगले प्रतिद्वंद्वी आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान उनकी टीम के खिलाड़ी छींटाकशी नहीं करेंगे।
विश्व कप-2015 की दोनों मेजबान टीमें शनिवार को ऑकलैंड के इडेन पार्क में एकदूसरे के सामने होंगी।
माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड और उसके चिर प्रतिद्वंद्वी आस्ट्रेलिया के बीच होने वाले इस मैच में गेंद और बल्ले के बीच की जंग के साथ दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जुबानी जंग भी देखने को मिल सकती है।
हेसन ने हालांकि इससे इनकार किया है और कहा कि उनकी टीम का ध्यान छींटाकशी की बजाय जीत हासिल करने पर है।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की वेबसाइट के अनुसार आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल जानसन और मिशेल स्टार्क की तेज गेंदों को खेलने की रणनीति पर हेसन ने रहा, “हमारे पास भी 150 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से गेंद फेंकने वाले कई गेंदबाज हैं। हमारे बल्लेबाज एडम मिल्ने की गेंदों को रोज खेलते हैं और इसलिए यह हमारे लिए चिंता की कोई बात नहीं है।”
गौरतलब है कि मिल्ने को मौजूदा क्रिकेट में सबसे तेज गेंदबाज माना जा रहा है।
हेसन ने हालांकि साथ ही स्वीकार भी किया कि आस्ट्रेलिया की गेंदबाजी के सामने खेलना बड़ी चुनौती होगी।
संभावित विजेता के सवाल पर हेसन ने अपने चतुराई भरे जवाब में कहा, “हमारे पैर जमीन पर हैं और हम अभी से कोई बड़ा दावा नहीं करना चाहते।”
dharmpath.com dharmpath