कोलकाता, 26 फरवरी (आईएएनएस)। बंगाल टेनिस संघ कॉम्प्लेक्स में चल रहे कोलकाता ओपन टेनिस टूर्नामेंट में गुरुवार को भारत के रामकुमार रामनाथन चीनी ताइपे को ती चेन से हारकर बाहर हो गए।
रामकुमार गुरुवार को हुए पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ती चेन से 4-6, 6-3, 6-7 (5) से हार गए।
पहले सेट में रामकुमार एक समय 4-2 से आगे चल रहे थे, लेकिन उनकी खराब सर्विस का फायदा उठाते हुए चेन 4-4 से बराबरी करने में सफल रहे।
इसके बाद डबल फॉल्ट कर रामकुमार ने पहला सेट चेन को सौंप दिया।
दूसरे सेट में हालांकि रामकुमार ने जबरदस्त वापसी की और धारदार शॉट लगाए। रामकुमार ने दूसरा सेट आसानी से जीत लिया और स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया।
निर्णायक सेट में हालांकि वह फिर से लय खो बैठे तथा टाईब्रेकर में खिंचे सेट में 3-1 की बढ़त हासिल करने के बावजूद लगातार पांच अंक गंवा मैच हार गए।
चेन अब शुक्रवार को राडू एल्बॉट के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेलेंगे।
dharmpath.com dharmpath