पटना, 3 मार्च (आईएएनएस)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम मंे मंगलवार को संगठन में फेरबदल से नाराज कांग्रेसी नेताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान कांग्रेस के दो गुटों के बीच मारपीट होने की भी खबर है।
कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि बेगूसराय से कुछ लोग जिला अध्यक्ष बदले जाने के विरोध में ज्ञापन लेकर आए थे, परंतु यहां आने के बाद हंगामा करने लगे। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने सभी जिला अध्यक्षों को बदल दिया है।
उन्होंने कहा कि हंगामा करने वाले भी कांग्रेसी ही हैं। लोकतंत्र में अपनी बातें कहने का सबको हक है। उन्होंने कहा कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस की नई कमेटी में कई पुराने लोगों को हटाया गया है, जबकि कई नए चेहरों को शामिल किया गया है। ऐसे में कांग्रेस के कई नेता आहत हैं।
कांग्रेस के एक गुट का आरोप है कि पार्टी की निस्वार्थ सेवा करने वाले पुराने कांग्रेसियों की अनदेखी हुई है। इसी को लेकर विरोध करने सदकात आश्रम पहुंचे कांग्रेसी नेताओं और अध्यक्ष गुट के नेताओं के बीच भिड़ंत हो गई। पुलिस बुलाए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
गौरतलब है कि मंगलवार को सदाकत आश्रम में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था।
dharmpath.com dharmpath