नीतीश पटना, मांझी पैतृक गांव में मनाएंगे होली

पटना, 5 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस बार आम लोगों के साथ पटना में होली मनाएंगे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी अपने पैतृक गांव महनार में रंगों से सराबोर होंगे। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद नई दिल्ली में अपने परिजनों के साथ होली मनाएंगे।

जनता दल (युनाइटेड) के प्रदेश महासचिव रवीन्द्र सिंह ने बताया कि छह मार्च को नीतीश पटना के 7, सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास पर होली मनाएंगे। सुबह 10 बजे से आम लोग मुख्यमंत्री को होली की बधाई देने उनके आवास पर जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जद (यू) के कार्यकर्ता, मंत्री और विधायक के साथ भी होली खेलेंगे।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी अपने पैतृक गांव गया जिले के महनार में होली मनाएंगे। मांझी के समर्थक और पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि मांझी गांव में परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ होली मनाएंगे।

राजद कार्यकर्ता होली पर लालू प्रसाद के पटना में न होने से मायूस हैं। लालू प्रसाद इस साल दिल्ली में ही होली मनाएंगे। राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि लालू अपने परिजनों के साथ दिल्ली में होंगे।

उल्लेखनीय है कि लालू प्रसाद के आवास पर तकरीबन हर साल कुर्ता फाड़ होली का आयोजन होता रहा है, जिसमें राजद के कार्यकर्ता सहित आम लोग भी शरीक होते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493